Bilaspur: ट्रक चालक का बेटा बना लेफ्टिनेंट, बिलासपुर के आदित्य शर्मा ने रचा इतिहास

कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के आगे कोई भी सपना बड़ा नहीं होता, इसे सच कर दिखाया है जिला बिलासपुर के 22 वर्षीय आदित्य शर्मा ने। कंदरौर पुल के समीप ग्राम पंचायत अवारी खलीन के गांव घुमाणी के रहने वाले आदित्य शर्मा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के बाद आदित्य ने देश सेवा की शपथ ली और सेना में अधिकारी के रूप में शामिल हुए।

आदित्य शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा स्वामी विवेकानंद पाठशाला कंदरौर से हुई, जहां से उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं से 12वीं कक्षा पास की। बचपन से ही सेना में जाने का सपना देखने वाले आदित्य ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर एनडीए की प्रवेश परीक्षा पास की। इसके बाद उन्होंने तीन वर्ष पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में और एक वर्ष देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी में कठिन सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया।

आदित्य की यह सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि वह एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता रवि दत्त ट्रक चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता कौरां शर्मा एक गृहिणी हैं। बेटे के सेना में अफसर बनने की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल बन गया है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!