कुछ तस्वीरें समय के साथ पुरानी जरूर हो जाती हैं, लेकिन उनमें कैद यादें कभी नहीं मिटतीं। शाहपुर के भाजपा नेता राकेश चौहान उर्फ पिंका के निधन के बाद दिसंबर 1992 की एक पुरानी तस्वीर सामने आई है। सरयू नदी के किनारे खिंची इस तस्वीर में राकेश चौहान अपने साथियों के साथ नजर आ रहे हैं। करीब 34 साल पुरानी यह तस्वीर उनके जीवन के उस ऐतिहासिक दौर की यादें फिर से ताजा कर रही है, जब वह राम मंदिर आंदोलन से जुड़े थे।

यह तस्वीर राकेश चौहान के फेसबुक अकाउंट से उनके बेटों कावेश चौहान और पावेश चौहान ने साझा की है। तस्वीर में शाहपुर के पूर्व विधायक रामरतन पटाकू, राकेश भारती, राजकुमार धीमान, सुनील मनोचा, प्रकाश, दिलीप सिंह और घरोह के रविकांत शर्मा भी दिखाई दे रहे हैं। कभी अयोध्या की यात्रा में एक साथ रहे इन साथियों की यह तस्वीर आज पुरानी यादों का खास दस्तावेज बन गई है।
राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी अपनी यादें राकेश चौहान ने 19 जनवरी 2024 को मीडिया के साथ साझा की थीं। उस समय वह बजरंग दल के जिला कांगड़ा संयोजक और भाजपा के जिला महामंत्री थे। उन्होंने बताया था कि वर्ष 1989 में पालमपुर में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के दौरान राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पारित होने के बाद वह इस आंदोलन से जुड़े थे। वर्ष 1992 में कारसेवा के आह्वान पर वह अपने साथियों के साथ अयोध्या पहुंचे थे।

आज राकेश चौहान इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन सरयू नदी के तट पर खिंची यह तस्वीर उनके साथ बिताए पलों को फिर जीवंत कर रही है। तस्वीर में नजर आ रहे मुस्कुराते चेहरे और साथ खड़े साथी उस दौर की ऐसी यादें समेटे हुए हैं, जिन्हें समय भी धुंधला नहीं कर पाया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



