Kullu: वर्ल्ड मेडिटेशन डे पर बड़ा आयोजन: आर्ट ऑफ लिविंग बताएगा ध्यान के खास तरीके, UN में भी होंगे ऐतिहासिक सत्र

भारत में 21 दिसंबर को वर्ल्ड मेडिटेशन डे मनाया जाएगा और इस मौके पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन करेगी। संस्था का उद्देश्य लोगों को ध्यान की विधियां सिखाकर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाना है। ढालपुर में पत्रकारों से बातचीत में आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़ी साध्वी अमृता ने बताया कि इस वर्ष ध्यान दिवस बेहद खास होने वाला है, क्योंकि इसके तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़े आयोजन किए जा रहे हैं।

साध्वी अमृता ने बताया कि आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर संयुक्त राष्ट्र में दो ऐतिहासिक ध्यान सत्रों का नेतृत्व करेंगे। पहला सत्र 17 दिसंबर को संयुक्त राष्ट्र कार्यालय जिनेवा में आयोजित होगा, जिसमें दुनिया भर के राजनयिक, संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी, शांति समर्थक और अन्य प्रतिभागी शामिल होंगे। दूसरा सत्र 19 दिसंबर को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय न्यूयॉर्क में होगा, जहां गुरुदेव ध्यान के माध्यम से वैश्विक शांति का संदेश देंगे।

उन्होंने बताया कि ये आयोजन ऐसे समय में हो रहे हैं जब दुनिया 21 दिसंबर को मनाए जाने वाले नव-घोषित वर्ल्ड मेडिटेशन डे की तैयारी में जुटी है। इस दिवस को संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2024 में मंजूरी दी थी, ताकि ध्यान के महत्व को वैश्विक स्वास्थ्य, सामाजिक सामंजस्य और मानव कल्याण के लिए रेखांकित किया जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!