Himachal: विक्रमादित्य सिंह की पोस्ट पर सियासी बवाल, भाजपा ने CM सुक्खू की चुप्पी पर उठाए सवाल

हिमाचल प्रदेश में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी पारा तेज हो गया है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने सुक्खू सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री की चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने शिमला में जारी बयान में कहा कि प्रदेश का प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह दिशाहीन हो चुका है और अफसरशाही बेलगाम होती जा रही है।

संजीव कटवाल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता के संरक्षण में कुछ अधिकारी खुद को जवाबदेही से ऊपर समझने लगे हैं। उनके अनुसार कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ने कभी ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों का विरोध नहीं किया, लेकिन भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और जनता के पैसे की लूट में शामिल अफसरों के खिलाफ पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। कटवाल ने केंद्र से मिलने वाली धनराशि के कथित दुरुपयोग और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि बाहरी राज्यों से आए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर की जा रही टिप्पणियां संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि है, जहां देश के कोने-कोने से आए अधिकारियों ने पूरी निष्ठा के साथ सेवा दी है। ऐसी बयानबाजी प्रदेश की सांस्कृतिक और प्रशासनिक परंपराओं को नुकसान पहुंचाती है।

संजीव कटवाल ने दो टूक कहा कि असली सवाल यह नहीं है कि अधिकारी किस राज्य से हैं, बल्कि यह है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से कर रहे हैं या नहीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को संविधान और सेवा नियमों के तहत निष्पक्ष होकर कार्य करना चाहिए, क्योंकि यही लोकतंत्र की बुनियाद है।

अपने बयान के अंत में संजीव कटवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि राजनीतिक संरक्षण में की जा रही मर्यादाहीन बयानबाजी से जनता का भरोसा टूट रहा है। भाजपा ने साफ किया कि प्रदेश की गरिमा, जनता के सम्मान और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!