Himachal: ईरानी युद्धपोत डूबने पर विक्रमादित्य सिंह का केंद्र पर तंज, बोले—‘56 इंच’ का नेतृत्व कहां गया?

इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हिंद महासागर में अमेरिकी कार्रवाई से ईरान के एक युद्धपोत के डूबने की घटना पर हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिना नाम लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की विदेश नीति और कूटनीतिक चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जो अब तेजी से वायरल हो रही है।

विक्रमादित्य सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जिस ईरानी युद्धपोत को अमेरिका ने निशाना बनाया, वह हाल ही में भारत की मेजबानी में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू-2026 का हिस्सा रहा था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मेहमान को घर बुलाकर ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के नारे लगाए गए और तस्वीरें खिंचवाई गईं, लेकिन जब वही मेहमान संकट में पड़ा तो मेजबान दूर बैठकर तमाशा देखता रहा।

उन्होंने केंद्र सरकार के रवैये को संवेदनहीन बताते हुए कहा कि समुद्र में संकट के समय अतिथि अकेला रह गया और दिल्ली की ओर से केवल इतना कहा गया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ‘अतिथि देवो भव:’ की नई परिभाषा यही है कि मेहमान का जहाज डूब जाए और सरकार सिर्फ औपचारिक बयान देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ ले।

लोक निर्माण मंत्री ने ‘विश्वगुरु’ की छवि पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विश्वगुरु की कुर्सी भले ही ऊंची दिखाई देती हो, लेकिन असली परीक्षा ऐसे समय में होती है। उन्होंने लिखा कि आज बड़े-बड़े नारों, नेतृत्व और शौर्य के पोस्टर जरूर चमकते हैं, लेकिन जब कोई मित्र संकट में हो तो कूटनीतिक चुप्पी ओढ़ ली जाती है। उनके अनुसार डर के साये में खामोशी ओढ़ लेना किसी भी मजबूत राष्ट्र की पहचान नहीं हो सकती।

पोस्ट के अंत में विक्रमादित्य सिंह ने लिखा कि यह कैसी मेजबानी है, जहां मेहमान की मौत पर भी स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप की बातें की जाती हैं और इंसानियत से ज्यादा फोटो-ऑप वाली दोस्ती को महत्व दिया जाता है। उन्होंने अपने संदेश के अंत में ‘56 इंच?’ लिखकर केंद्र सरकार के मजबूत नेतृत्व के दावे पर भी सवाल उठाया। उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इस पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!