हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मुबारिकपुर-भरवाईं मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सिद्ध चलेहड़ के पास हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस और मारुति कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग बैह-ढोंटा क्षेत्र में आयोजित एक शोक सभा में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार सिद्ध चलेहड़ के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार एचआरटीसी बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया। घायलों की पहचान थड़ा निवासी ऊषा देवी, मनभरी, एकता देवी, रवि कुमार और कार चालक अनिल कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था को सामान्य किया। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है, जबकि घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!