मशहूर मोटो व्लॉगर और बिग बॉस 17 के पूर्व कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल, जिन्हें सोशल मीडिया पर UK07 Rider के नाम से जाना जाता है, शनिवार शाम एक हादसे का शिकार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि यह घटना उस समय हुई जब अनुराग इंस्टाग्राम पर लाइव थे और अपने परिवार के साथ चल रहे विवादों को लेकर भावुक होकर अपनी बात रख रहे थे।
घटना के समय अनुराग अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार चला रहे थे। लाइव वीडियो में कार की रफ्तार करीब 150 से 180 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच दिखाई दे रही थी। वीडियो के दौरान अनुराग काफी तनाव में नजर आए और उन्होंने अपने परिवार पर मानसिक उत्पीड़न और संपत्ति विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अपनी पत्नी रितिका के साथ इंटर कास्ट शादी को लेकर चल रही समस्याओं का भी जिक्र किया।
लाइव वीडियो के दौरान अनुराग ने कुछ ऐसे शब्द भी कहे, जिससे उनके फैंस काफी चिंतित हो गए। उन्होंने कहा कि अगर अगले जन्म में आऊं तो मम्मी प्यार दे देना, बहुत जरूरत थी प्यार की। इसके बाद उन्होंने कहा चलो, आखिरी राइड के लिए… लेट्स गो फॉर द फाइनल राइड। यह कहते ही कुछ ही पलों बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि लाइव वीडियो तुरंत बंद हो गया और स्क्रीन पूरी तरह काली हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा एक फ्लाईओवर के पास हुआ। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अनुराग की मदद की। राहत की बात यह है कि अनुराग सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि उनकी कार को काफी नुकसान पहुंचा है। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे डिप्रेशन का नतीजा बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे आत्महत्या की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!