Bilaspur: चलते ट्रक में लगी भीषण आग, कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हुआ पिछला हिस्सा, चालक ने ऐसे बचाई जान

जिला बिलासपुर के रानीकोटला के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चल रहे मल्टीएक्सल ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते ट्रक का पिछला हिस्सा आग की चपेट में आ गया और पूरी तरह जल गया। इस हादसे में ट्रक मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक रोक दिया और नीचे उतर गया, जिससे उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार ट्रक चालक बागा से क्लिंकर, जो सीमेंट का कच्चा माल होता है, लादकर बघेरी की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक रानीकोटला के समीप गोड़ी नामक स्थान पर पहुंचा, अचानक ट्रक के पिछले हिस्से से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। बताया जा रहा है कि ट्रक में लदा क्लिंकर काफी गर्म था और इसी अत्यधिक गर्मी के कारण ट्रक की बॉडी में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और ट्रक की बॉडी व पिछले टायर जलकर राख हो गए। यह ट्रक गगनदीप निवासी हवाण कोल, डाकघर कंधर, तहसील अर्की, जिला सोलन का बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग के प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी त्वरित कार्रवाई के चलते ट्रक का अगला हिस्सा यानी केबिन सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!