Himachal: हिमाचल में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रैक्टर खाई में गिरा, एक मजदूर की मौत, दो गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश के जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां सरड बम्मी स्थित पंगलु मार्ग पर एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बीती शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर कुल पांच लोग सवार थे और वे पंगलु मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक चालक का ट्रैक्टर पर से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रैक्टर पर सवार पांच लोगों में से दो लोगों ने समय रहते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि बाकी तीन लोग ट्रैक्टर के साथ ही खाई में गिर गए।

इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसकी पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और रोजगार की तलाश में महज पांच दिन पहले ही किन्नौर से इस क्षेत्र में आया था। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर में सवार सभी लोग नेपाल मूल के प्रवासी मजदूर थे और यहां एक स्थानीय ठेकेदार के पास दिहाड़ी मजदूरी का काम कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा ट्रैक्टर में तकनीकी खराबी के कारण हुआ या फिर चालक की लापरवाही इसकी वजह बनी। साथ ही घायलों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!