Una: ऊना की होनहार बेटी श्रुति शर्मा ने एम्स नई दिल्ली में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर हासिल की सफलता

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के गांव रैंसरी की होनहार बेटी श्रुति शर्मा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। श्रुति का चयन अखिल भारतीय आयुर्वैज्ञानिक संस्थान (एम्स) नई दिल्ली में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर हुआ है और उन्होंने हाल ही में अपना कार्यभार संभाल लिया है। इस सफलता से श्रुति के परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

पिता राकेश कुमार और माता कमला देवी की पुत्री श्रुति बचपन से ही मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल, बसाल से प्राप्त की और 10वीं कक्षा में 98 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। 12वीं कक्षा में उन्होंने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा साबित की। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्होंने मुरारी लाल मैमोरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सोलन से बीएससी नर्सिंग की 4 वर्षीय डिग्री पूरी की।

बीएससी नर्सिंग करने के बाद श्रुति ने वर्ष 2022 से 2025 तक चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में बतौर स्टाफ नर्स काम किया। इस दौरान उनकी मेहनत और समर्पण के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया। अढ़ाई साल के अनुभव के बाद उन्होंने ऑल इंडिया स्तर की नोरसेट परीक्षा पास की और एम्स नई दिल्ली में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर चयनित हुईं।

श्रुति ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, दादी रोशनी देवी और ताया ओमदत्त व ओंकार की प्रेरणा को दिया है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!