Shimla: शिलाई में अवैध कटान पर भड़के छात्र, शिमला में जोरदार प्रदर्शन, सरकार को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला शिमला ने सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में पेड़ों के अवैध कटान के विरोध में डीसी कार्यालय शिमला के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर चिंता जताई और कहा कि शिलाई में हो रहा अवैध कटान प्राकृतिक संतुलन को बिगाड़ रहा है और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है।

प्रदेश सह मंत्री तेजस्विनी गुलेरिया ने इस घटना को पूरे प्रदेश के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि अब तक इस मामले में न तो उच्च अधिकारियों पर कोई कार्रवाई हुई है और न ही दोषियों के खिलाफ कोई सख्त कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस चुप्पी से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगा। वहीं संजौली इकाई के अध्यक्ष ऋतिक ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं के कारण वन माफिया, खनन माफिया और नशा माफिया के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

ऋतिक ने आरोप लगाया कि शिलाई मामले में सरकार की चुप्पी से ऐसा प्रतीत होता है कि दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो विद्यार्थी परिषद पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी और इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!