Shimla: शिमला पुलिस ने चरस तस्कर को धर दबोचा, 1.8 किलोग्राम नशा बरामद

हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। जिला शिमला के एसएसपी गौरव सिंह के कार्यभार संभालने के बाद पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में थाना चौपाल की टीम ने एक व्यक्ति को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन थाना प्रभारी चौपाल, उप निरीक्षक अम्बी लाल के नेतृत्व में आरक्षी अभिषेक और एचएचजी संजीव कुमार झिकनीपुल, लानी और बमटा क्षेत्रों में गश्त पर थे। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.811 किलोग्राम चरस बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन बुधा पुत्र नर बहादुर के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से नेपाल का निवासी है और वर्तमान में तहसील चौपाल के गांव पुजारली (डाकघर बमटा) में रंजीत नामक व्यक्ति के घर नौकर के रूप में कार्य कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 61 और 85 के तहत गिरफ्तार कर आगामी जांच एएसआई जगदीश सिंह को सौंपी है।

पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है। उनका कहना है कि नशा तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करना और युवाओं को इस दलदल से बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसएसपी गौरव सिंह ने चौपाल पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि शिमला पुलिस जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी अवैध नशा गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!