Kangra: क्रेटा कार में छुपा था बड़ा राज! 1.25 किलो चरस और 1 लाख कैश के साथ शिमला का व्यक्ति गिरफ्तार

नूरपुर/कंडवाल, 7 अप्रैल 2026: नशामुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस चौकी कंडवाल की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार से भारी मात्रा में चरस और नकद राशि बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे-154 पर नियमित चेकिंग के दौरान की गई।

घटना 6 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:55 बजे की है, जब पुलिस टीम एनएच-154 पर यातायात जांच कर रही थी। इसी दौरान जसूर की ओर से आ रही काले रंग की क्रेटा कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी को पीछे मोड़ने की कोशिश की, जिससे शक गहरा गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया।

स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब कार की तलाशी ली गई, तो डिग्गी में रखे स्पेयर टायर के नीचे छुपाए गए एक बैग से 1 किलो 256 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके अलावा बैग की जेब से 1 लाख रुपये नकद भी मिले। इतनी बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम कुमार (52 वर्ष) निवासी तहसील कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कुल्लू-मनाली क्षेत्र में एक ढाबा चलाता है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह चरस कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।

पुलिस ने मादक पदार्थ, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!