Himachal: लोकेशन से होती थी चिट्टे की डिलीवरी, शिमला पुलिस ने तोड़ा हाईटेक ड्रग नैटवर्क, पंजाब से सप्लायर गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के जुब्बल थाना क्षेत्र में दर्ज चिट्टा बरामदगी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर्राज्यीय ड्रग सप्लाई नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह नैटवर्क बेहद आधुनिक तरीके से लोकेशन-बेस्ड डिलीवरी सिस्टम पर काम कर रहा था, जिसे पुलिस ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।

जानकारी के अनुसार 9 फरवरी 2026 को एनएच-705 पर गश्त के दौरान पुलिस टीम ने बौली नाला के पास जुब्बल निवासी 20 वर्षीय युवती को 13.46 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल करते हुए मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों का गहराई से विश्लेषण किया। इससे पता चला कि आरोपी युवती का संबंध पंजाब के ड्रग तस्करों से था, जिनका नेटवर्क जुब्बल-रोहड़ू क्षेत्र तक फैला हुआ था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि युवती चिट्टे को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर उनकी फोटो और वीडियो बनाकर मुख्य सप्लायर को भेजती थी। इसके बाद सप्लायर इन लोकेशनों को ग्राहकों के साथ साझा करता था, जिससे नशे की डिलीवरी सुनिश्चित होती थी।

डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने पंजाब के मोहाली, खरड़ और अमृतसर में दबिश दी और नेटवर्क के मुख्य सप्लायर लुकास (34) निवासी अमृतसर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह नेटवर्क अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय पाया गया है, जो तकनीक के जरिए नशे की सप्लाई करता था।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है और आने वाले समय में और भी खुलासे हो सकते हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!