धर्मशाला: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। हर घर तक साफ और शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने बटबला में 3.29 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का विधिवत भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार सुनिश्चित हो सके।

इस परियोजना के तहत न केवल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा, बल्कि क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 4 जल भंडारण टैंक भी बनाए जाएंगे। इससे पहले विधायक ने लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन उठाऊ पेयजल योजना मनेई-परगोड के कार्यों का भी निरीक्षण किया। यह परियोजना एडीबी के तहत संचालित है, जिसके अंतर्गत कुल 20 जल भंडारण टैंक बनाए जा रहे हैं।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र की कई पंचायतों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए लगभग सभी घरों तक नल के माध्यम से पानी पहुंचा चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्यभर में जल परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं, जहां समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच की जाती है। अपने संबोधन में उन्होंने दोहराया कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!