Home हिमाचल Himachal: छात्रवृत्ति घोटाला – ईडी ने जब्त की 18.27 करोड़ की संपत्ति

Himachal: छात्रवृत्ति घोटाला – ईडी ने जब्त की 18.27 करोड़ की संपत्ति

0
Himachal: छात्रवृत्ति घोटाला – ईडी ने जब्त की 18.27 करोड़ की संपत्ति

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हिमाचल प्रदेश के बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 18.27 करोड़ रुपए की 5 अचल संपत्तियां जब्त की हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के तहत की गई है। जब्त की गई संपत्तियों में जिला सिरमौर के नाहन में मां सरस्वती एजुकेशनल ट्रस्ट के नाम पर पंजीकृत लगभग 125 बीघा भूमि (3 भूखंड) और हरियाणा के पंचकूला में ट्रस्ट से जुड़ी प्रीति बंसल और ऋचा बंसल के नाम पर दर्ज 2 फ्लैट शामिल हैं। यह ट्रस्ट हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस, कालाअंब का संचालन करता है, और जब्त की गई संपत्तियों में संस्थान की मौजूदा भूमि भी शामिल है।

ईडी ने यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश के ओबीसी, एससी और एसटी छात्रों के लिए पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत हुए अनियमितताओं की जांच में की है। यह मामला सीबीआई की शिमला शाखा में दर्ज एफआईआर के आधार पर आगे बढ़ाया गया है। जांच में पाया गया कि छात्रवृत्ति की राशि हड़पने के लिए संस्थानों ने कई फर्जीवाड़े किए। इसमें ऐसे छात्रों के नाम पर छात्रवृत्ति लेना शामिल है, जिन्होंने कभी प्रवेश ही नहीं लिया या जिन्होंने पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी। इसके अलावा, अधिक छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए छात्रों के झूठे विवरण एच.पी. ई-पास पोर्टल पर अपलोड किए गए, छात्रों की जाति बदली गई, और उन्हें डे स्कॉलर के बजाय छात्रावास में रहने वाला दर्शाया गया। फर्जी कोर्स और शुल्क संरचना दिखाकर भी धोखाधड़ी की गई।

इससे पहले, ईडी 10.67 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्तियां जब्त कर चुकी है और 80 लाख रुपए की नकदी भी बरामद हुई थी। बैंक खातों में पड़े 2.80 करोड़ रुपए भी फ्रीज किए गए थे। इस तरह अब तक कुल 29 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। ईडी ने इस मामले में 30 जनवरी को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। इससे पहले, 30 अगस्त 2023 को भी 4 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

ईडी की जांच में यह भी सामने आया कि अपराध में शामिल व्यक्तियों ने इस घोटाले से अर्जित धन का उपयोग अपने और अपने परिवार के नाम पर संपत्तियां खरीदने में किया। आने वाले दिनों में कुछ अन्य संस्थानों पर भी शिकंजा कसने की संभावना है। मामले की जांच अभी जारी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!