क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है और पुलिस की मुश्किलें भी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पंचायत सकोह के अंदराणा गांव का है, जहां सड़क किनारे स्थित एक बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाया।
मकान मालकिन शकुंतला देवी, पत्नी स्वर्गीय ध्रुव देव, पिछले करीब एक महीने से अपनी बेटी के पास दिल्ली में रह रही थीं। रविवार सुबह जब वह वापस अपने घर पहुंचीं तो दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी हुई देखकर उनके होश उड़ गए।
घर के अंदर का नजारा और भी चौंकाने वाला था। सभी कमरों के ट्रंक और अलमारियां खुली पड़ी थीं और सामान बिखरा हुआ था। शकुंतला देवी ने बताया कि एक अलमारी में रखी सोने की तीली, चांदी की भारी-भरकम चेन और थैली में रखी नकदी गायब थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप सिंह खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं आलमपुर पुलिस चौकी प्रभारी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है। लगातार हो रही चोरियों से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!