सैंज घाटी की 27 वर्षीय वंती देवी ने ससुराल पक्ष पर जमीन हड़पने और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पति की मौत के बाद उस पर लगातार घर छोड़ने का दबाव बनाया गया और बच्चों को भी उससे छीन लिया गया। वंती देवी बीते शुक्रवार को पल्दी की दुर्गम पहाड़ियों में अचेत अवस्था में मिली थीं। वह 5 दिन से लापता थीं।
वंती देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति कमलेश कुमार की हत्या एक साल पहले हुई थी। कमलेश के ताया की मृत्यु के बाद उनकी जमीन और मकान कमलेश के नाम हो चुके थे। कमलेश की मौत के बाद यह संपत्ति वंती और उनके बच्चों के नाम होनी थी, लेकिन सास-ससुर ने हिस्सेदारी देने से इनकार कर दिया। इसके चलते वंती को प्रताड़ित किया गया और घर छोड़ने के लिए मजबूर किया गया।
वंती ने कहा कि कुछ दिन पहले सास ने उसके बच्चों को छीन लिया और कुल्लू ले गईं। बच्चों की याद में वह अपने मायके से पैदल ही ससुराल के लिए निकली, लेकिन जंगल में रास्ता भटक गई। पांच दिन तक वह लापता रहीं। जंगल में घास काटने गई महिलाओं ने उन्हें अचेत अवस्था में पाया और कुल्लू अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी बंजार चंद्रशेखर ने कहा कि महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!