नए साल का पहला दिन सैंज घाटी की खूबसूरत वादियों में घूमने आए पर्यटकों के लिए किसी डरावने सपने से कम नहीं रहा। रोपा-सराहन मार्ग पर स्थित एक जर्जर लकड़ी की पुलिया अचानक टूट गई, जिससे एक कार हवा में लटक गई। गनीमत रही कि स्थानीय युवाओं की सूझबूझ और साहस से समय रहते बड़ा हादसा टल गया और चार पर्यटकों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार वीरवार को उत्तर प्रदेश से आए चार पर्यटक अपनी कार में सवार होकर सराहन की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी ‘बिजली’ नामक स्थान के पास नाले पर बनी पुरानी लकड़ी की पुलिया पर पहुंची, पुलिया अचानक चरमराकर टूट गई। देखते ही देखते कार के टायर हवा में झूलने लगे और वाहन नाले में गिरने की कगार पर पहुंच गया। कार के भीतर बैठे पर्यटक इस स्थिति को देखकर बुरी तरह सहम गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीण और युवा मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए राहत कार्य में जुट गए। युवाओं ने लकड़ी के स्लीपरों और स्थानीय संसाधनों की मदद से पहले कार में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद कड़ी मशक्कत कर हवा में लटकी कार को भी सड़क पर वापस खींच लिया गया। स्थानीय युवाओं की इस तत्परता और साहस से चार जिंदगियां सुरक्षित बच सकीं।
यह घटना पंचायत के अधीन आने वाली सड़क और पुलिया की बदहाल स्थिति को उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया की लकड़ियां वर्षों पहले सड़ चुकी हैं, लेकिन आज तक उनकी मरम्मत नहीं की गई। सड़क की हालत भी बेहद खराब है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि पर्यटन सीजन में इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
हादसे के बाद पर्यटकों ने राहत की सांस ली और आगे सराहन की ओर रवाना हो गए। वहीं, स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और सरकार से इस मार्ग की जल्द मरम्मत और पुलिया को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!