आनी स्थित पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यार्थियों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चवाई से चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा ने विशेष रूप से भाग लिया और विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर के दौरान आंख, नाक और कान से जुड़ी समस्याओं से प्रभावित 50 से अधिक विद्यार्थियों की जांच की गई।
स्वास्थ्य जांच में यह सामने आया कि कई विद्यार्थियों का वजन औसत से कम है और बड़ी संख्या में छात्र आंखों की समस्या से ग्रसित पाए गए। डॉ. दीपक शर्मा ने ऐसे विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आनी में विस्तृत जांच कराने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग को लेकर चिंता जताते हुए विद्यार्थियों को स्क्रीन टाइम कम करने की हिदायत दी।

स्वास्थ्य शिविर के बाद राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत कक्षा जमा एक और जमा दो के विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर गेस्ट लेक्चर का आयोजन भी किया गया। इस दौरान डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि शुष्क मौसम के चलते खांसी, खराश, बुखार और कमजोरी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने, गर्म पानी पीने, भाप लेने और विटामिन सी युक्त आहार को भोजन में शामिल करने की अपील की।
उन्होंने प्रोटीन युक्त भोजन जैसे दूध और दालें अधिक मात्रा में लेने की सलाह दी और जंक फूड से दूरी बनाए रखने पर जोर दिया। इसके साथ ही डॉ. दीपक शर्मा ने विद्यार्थियों को सीपीआर के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इसे सीखने व आपात स्थिति में उपयोग करने का आग्रह किया, ताकि जरूरत के समय किसी की जान बचाई जा सके।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता इंद्र ठाकुर, कुंदन शर्मा, धर्मेंद्र वर्मा, प्रवीण मेहता सहित कक्षा जमा एक और जमा दो के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!