Kangra: 620 ग्राम चरस, डिजिटल तराजू और नकदी के साथ युवक गिरफ्तार, पालमपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पालमपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को 620 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।

जानकारी के मुताबिक पालमपुर थाना पुलिस को क्षेत्र में नशा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोसरी निवासी अनुज को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 620 ग्राम चरस बरामद हुई। मौके से 2 डिजिटल वेइंग मशीन, भूरे रंग की टेप से लिपटे 9 खाली लिफाफे और 8000 रुपए की नकद राशि भी जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह चरस कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि आसपास नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!