Kangra: नूरपुर में लगेगा खेलों का मेला! “वॉलीबॉल कार्निवाल सीजन-4” से युवाओं को मिलेगा नशे से दूर रहने का संदेश

नूरपुर में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक बड़ा खेल आयोजन होने जा रहा है। सामाजिक संस्था द्वारा “नूरपुर वॉलीबॉल कार्निवाल – सीजन 4” का आयोजन 10, 11 और 12 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। यह प्रतियोगिता क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की एक अहम पहल मानी जा रही है।

रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा के निदेशक अकिल बख्शी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस बार प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक करीब 30 लड़कों और 6 लड़कियों की टीमों ने इसमें भाग लेने के लिए पंजीकरण करवा लिया है।

उन्होंने बताया कि संस्था पिछले चार वर्षों से लगातार इस तरह के खेल आयोजनों का आयोजन कर रही है, जिनमें क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इस बार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इनामी राशि में भी बढ़ोतरी की गई है।

अकिल बख्शी के अनुसार, लड़कों की विजेता टीम को 41,000 रुपये और उपविजेता टीम को 31,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, लड़कियों की विजेता टीम को 11,000 रुपये और उपविजेता टीम को 7,100 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। कुल मिलाकर लगभग 2.5 लाख रुपये की इनामी राशि प्रतिभागियों में वितरित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने, खेलों के प्रति प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए बेहद जरूरी हैं। संस्था भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!