Kangra: रातभर चली कार्रवाई: नूरपुर पुलिस ने अवैध खनन पर कसा शिकंजा, 5 टिप्पर मौके पर जब्त

नूरपुर में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में नूरपुर पुलिस ने पिछले 24 घंटों के दौरान एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा, जो थाना इंदौरा के अंतर्गत आती है, वहां रात्रि गश्त और नाकाबंदी के दौरान कई वाहनों की सघन जांच की गई।

पुलिस द्वारा की गई इस चेकिंग के दौरान करीब 25 वाहनों को रोका गया और उनकी जांच की गई। जांच के दौरान 5 टिप्पर ऐसे पाए गए, जो बिना अनिवार्य एक्स-फॉर्म के खनिज सामग्री का परिवहन कर रहे थे। नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी 5 टिप्परों को मौके पर ही जब्त कर लिया।

इसके बाद इन वाहनों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत चालान किया गया है और मामले को आगे की कार्रवाई के लिए माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस जिला नूरपुर की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित हो।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!