Kangra: व्हाट्सएप कॉल से 3 लाख की ठगी, गूगल पे से 3.20 लाख उड़ाए… नूरपुर पुलिस ने सूरत से दबोचा मास्टरमाइंड, पीड़ित को लौटाए पैसे

ऑनलाइन साइबर ठगी के मामलों में पुलिस जिला नूरपुर को अहम सफलता मिली है। वर्ष 2023 और 2024 में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में न केवल आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, बल्कि एक पीड़ित को उसके ठगे गए तीन लाख रुपये भी वापस दिलाए गए हैं। इन कार्रवाइयों से साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता साफ नजर आ रही है।

पहला मामला 23 मार्च 2023 को पुलिस थाना नूरपुर में दर्ज हुआ था। एफआईआर नंबर 95/23 के तहत धारा 420 आईपीसी में शिकायतकर्ता हरबंस सिंह, निवासी तहसील फतेहपुर जिला कांगड़ा से अज्ञात व्यक्तियों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए तीन लाख रुपये ठग लिए थे। मामले की जांच के बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक लेन-देन की गहन पड़ताल करते हुए पीड़ित को पूरी राशि वापस दिलाने में सफलता हासिल की है।

दूसरा मामला 18 जनवरी 2024 को एफआईआर नंबर 41/24 के तहत दर्ज हुआ। इसमें शिकायतकर्ता शिमला देवी, निवासी तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा से अज्ञात आरोपियों ने फोन कॉल के माध्यम से 3,20,000 रुपये गूगल पे के जरिए ठग लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जिला नूरपुर ने विशेष रणनीति के तहत एक टीम गठित की। टीम ने डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।

जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बिहार पहुंची, लेकिन मुख्य आरोपी महाबीर कुमार निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार वहां से फरार होकर गुजरात भाग गया। लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने आखिरकार उसे सूरत (गुजरात) से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस जिला नूरपुर ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन साइबर ठगी से सतर्क रहें। यदि किसी के साथ ऐसी घटना होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!