देहरा के 132 केवी सब स्टेशन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-503 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक पर पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा देहरा हनुमान चौक से धर्मशाला-कांगड़ा मार्ग की ओर जाते समय हुआ।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी नई टूरिस्ट बस सोलन से ज्वालामुखी मंदिर दर्शन के बाद माँ बगलामुखी मंदिर जा रही थी। इसी दौरान धर्मशाला-कांगड़ा की ओर से आ रही तेज़ रफ्तार बाइक बस से जा टकराई। बस के ड्राइवर ने बताया कि बाइक अत्यधिक तेज़ गति में थी और ओवरटेक करने के प्रयास में सीधे बस के साइड टायर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी युवती नाली में जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हुई।
हादसे के तुरंत बाद पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई। घायल युवती को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों की पहचान तथा उनकी मूल जानकारी जुटाने का काम जारी रखा है। बाइक का नंबर HP-55 C 9749 बताया गया है।
उल्लेखनीय है कि यह इसी मार्ग पर हाल ही में दूसरा बड़ा हादसा है। कुछ दिन पहले खबली दोसड़का के पास एक बाइक पेड़ से टकरा गई थी, जिसमें 17 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों के कारण क्षेत्रवासियों में गहरी चिंता और रोष है। लोग इस मार्ग पर यातायात नियमों के सख्त पालन और सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!