Hamirpur: नादौन प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप शर्मा की संदिग्ध हालात में मौत, सीढ़ियों से गिरने की घटना पर परिवार ने उठाए सवाल

हमीरपुर जिले के नादौन में नादौन प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप शर्मा (57) की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात वह अपने दोस्त और टैक्सी यूनियन नादौन के पूर्व प्रधान परविंदर कटोच के साथ क्रिकेट स्टेडियम के पास एक दुकान के लैंटर से सीढ़ियां उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों नीचे गिर पड़े।

जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ। परविंदर कटोच ने बताया कि सीढ़ियां उतरते समय दोनों का संतुलन बिगड़ गया और एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में दोनों नीचे आ गिरे। इस दौरान प्रदीप शर्मा सीमेंट की गली में सिर के बल गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद गांव के युवाओं ने तुरंत दोनों घायलों को नादौन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल परविंदर कटोच को बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

हालांकि इस घटना को लेकर प्रदीप शर्मा के परिजनों ने मौत के कारणों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना के समय वहां तीन से चार अन्य लोग भी मौजूद थे। प्रदीप शर्मा के भाई और वरिष्ठ भाजपा नेता पवन शर्मा सहित कई ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच की मांग की है।

रविवार सुबह एएसपी हमीरपुर राजेश शर्मा और डीएसपी नादौन गौरवजीत सिंह आईपीएस मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनकी मौजूदगी में फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।

रविवार दोपहर बेला के मोक्ष धाम में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी में प्रदीप शर्मा को अंतिम विदाई दी गई। उनके बेटे बिशु ने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। इस दौरान पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री समेत कई नेता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदीप शर्मा अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। एएसपी राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!