2027 का सबसे लंबा सूर्य ग्रहण: अरब देशों में दिखेगा दुर्लभ नज़ारा, जानिए भारत में कहां-कहां दिखाई देगा

2 अगस्त 2027 को एक दुर्लभ खगोलीय घटना घटने जा रही है, जब इस सदी का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण देखा जाएगा। यह ग्रहण 6 मिनट 23 सेकंड तक चलेगा, जो 1991 से लेकर 2114 के बीच का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण माना जा रहा है। यह अद्भुत दृश्य उत्तरी अफ्रीका और अरब देशों में साफ तौर पर देखा जा सकेगा। मिस्र का लक्सर, सऊदी अरब का जेद्दा और लीबिया का बेनगाजी जैसे शहरों में लोग दिन में अंधकार का अनोखा अनुभव करेंगे। अरब देशों के लिए यह एक दुर्लभ मौका है, क्योंकि इन इलाकों में पूर्ण सूर्य ग्रहण सामान्यतः दिखाई नहीं देता।

सूर्य ग्रहण तब होता है जब चांद पृथ्वी और सूरज के बीच आकर सूर्य को पूरी तरह ढक लेता है। इस दौरान दिन में कुछ समय के लिए अंधेरा छा जाता है, मानो रात हो गई हो। इस ग्रहण को खास बनाने वाले खगोलीय कारणों में प्रमुख यह है कि 2 अगस्त 2027 को पृथ्वी सूरज से सबसे दूर होगी, जिससे सूर्य अपेक्षाकृत छोटा दिखाई देगा। वहीं दूसरी ओर, चंद्रमा पृथ्वी के सबसे करीब होगा, जिससे वह बड़ा नजर आएगा और सूर्य को पूरी तरह से ढक सकेगा। इसके अलावा, यह ग्रहण भूमध्य रेखा के नज़दीक घटेगा, जिससे चंद्रमा की छाया धीरे चलेगी और ग्रहण की अवधि सामान्य से अधिक लंबी हो जाएगी।

यह ग्रहण विशेष रूप से उत्तरी मोरक्को, अल्जीरिया, दक्षिणी ट्यूनीशिया, उत्तर-पूर्व लीबिया, और मिस्र के लक्सर सहित कई हिस्सों में देखा जा सकेगा। साथ ही दक्षिण-पश्चिम सऊदी अरब और यमन के कुछ क्षेत्रों में भी यह दृश्य नजर आएगा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पूर्वी लीबिया और पश्चिमी मिस्र में आसमान सबसे साफ रहेगा, जिससे वहां के लोग ग्रहण को बेहतर ढंग से देख सकेंगे। हालांकि, सऊदी अरब और यमन के तटीय इलाकों में मौसम थोड़ा अनिश्चित हो सकता है और वहां बादल छा सकते हैं।

जहां अरब देशों में यह पूर्ण सूर्य ग्रहण देखा जाएगा, वहीं भारत में यह आंशिक रूप से दिखाई देगा। देश के प्रमुख शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में लोग इसे शाम करीब 4:30 बजे देख पाएंगे, लेकिन यह पूर्ण नहीं बल्कि आंशिक सूर्य ग्रहण होगा।

यह खगोलीय घटना केवल अरब देशों के लिए नहीं, बल्कि पूरे विश्व के खगोल विज्ञान प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगी। छह मिनट से भी अधिक समय तक चलने वाला यह ग्रहण न केवल वैज्ञानिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि आम लोगों के लिए भी आकाश का एक दुर्लभ और अविस्मरणीय नज़ारा पेश करेगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!

--Advertisement--

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related