राजगढ़ थाना क्षेत्र के खालटू गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की शिकायत में हरकीरत सिंह पुत्र मेजर दलजीत सिंह निवासी सेक्टर-42सी चंडीगढ़ ने बताया कि 3 अप्रैल को वह दर्पण कुमार के साथ अपने दोस्त अभिषेक कटोच की जमीन पर लेबर के साथ कंटीली तार लगाने जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे जब वे गेट के पास पहुंचे, तो स्थानीय निवासी मनमोहन सिंह और ऋषभ चौहान ने उनका रास्ता रोक लिया और डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए।
दूसरे पक्ष की शिकायत में मनमोहन सिंह पुत्र जीत सिंह निवासी खालटू ने बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन सड़क के नीचे है। राजेंद्र रावत ने पहले उनके पास 6 फुट चौड़ी सड़क बनाने के लिए 12.50 लाख रुपए का समझौता किया था, लेकिन सड़क 12 से 14 फुट चौड़ी बनाई गई। बाद में उन्हें 5.50 लाख रुपए दिए गए, जबकि बाकी राशि और पानी का बोर नहीं दिया गया।
मनमोहन सिंह ने बताया कि 3 अप्रैल को जब वह गऊशाला गए थे, तो सड़क पर हरकीरत सिंह, दर्पण सिंह और लेबर के साथ आए। कागजात के बारे में पूछने पर हरकीरत ने कहा कि उन्होंने 11 लाख रुपए दिए हैं। इसके बाद वे जबरन गेट में घुस गए और तेज हथियार से उन पर और उनके बेटे पर हमला किया, जिससे चोटें आई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी गई है। वास्तविक स्थिति की पुष्टि केवल जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!