अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से एक दिन पहले शनिवार को शाहपुर के मिनी सचिवालय परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक और उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं के सम्मान और उनके सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि महिला दिवस महिलाओं के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, क्योंकि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में चालू वित्त वर्ष के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को करीब 30 करोड़ रुपये के वित्तीय लाभ प्रदान किए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बेटी है अनमोल योजना के तहत वर्ष 2025–26 में जिला कांगड़ा की 421 बालिकाओं को जन्म उपहार के रूप में लगभग 1 करोड़ 15 लाख 28 हजार रुपये की राशि दी गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत इस वित्त वर्ष में 1377 बेटियों को 4 करोड़ 26 लाख 87 हजार रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है। वहीं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार ने 586 बेटियों के विवाह के लिए 2 करोड़ 8 लाख 86 हजार रुपये की सहायता प्रदान की है।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना विधवा और परित्यक्त महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के तहत सरकार उनके बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठा रही है ताकि उनकी शिक्षा में कोई बाधा न आए। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में इस योजना के तहत करीब 6700 बच्चों की माताओं को हर महीने 1000 रुपये की सामाजिक सुरक्षा सहायता दी जा रही है और बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च भी सरकार वहन कर रही है। इस योजना के तहत इस वर्ष लगभग 8.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देना पूर्व कांग्रेस सरकारों की महत्वपूर्ण पहल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण प्रदान करना भी है।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अशोक शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों और उपस्थित मातृशक्ति का स्वागत किया। उन्होंने जिला कांगड़ा में विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी दी।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने कहा कि शाहपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाली हर पात्र महिला तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य और महिला कांग्रेस प्रधान नीना ठाकुर तथा सरिता सैनी ने भी अपने विचार साझा किए। महिला एवं बाल विकास विभाग की महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान जिला कांगड़ा में वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाली 65 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें अधिकारी, महिला कार्यकर्ता और स्कूली छात्राएं शामिल थीं। उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, एटीसी शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया, बीएमओ डॉ. कविता, बीडीओ रैत कमलजीत, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, सीडीपीओ रैत निर्मला, बीईईओ मिन्टो देवी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, महिला कांग्रेस प्रधान नीना ठाकुर, रितिका शर्मा, सरिता सैनी, रीना पठानिया, मधुबाला, पुष्पा जरयाल, वीना चौधरी, सुषमा, नम्रता और स्नेहलता सहित कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!