Kangra: गोद दिलाने के नाम पर चलता था खौफनाक खेल… कांगड़ा में अंतरराज्यीय बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के व्यापारिक कस्बे संसारपुर टैरेस में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बच्चा तस्करी और ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर बच्चों को गोद दिलाने के नाम पर तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे।

मामले का खुलासा तब हुआ जब संसारपुर टैरेस निवासी रोहित कुमार और उनकी पत्नी ने बच्चा गोद लेने के लिए संपर्क किया। आरोप है कि दीपक कुमार नामक व्यक्ति ने बच्चे की व्यवस्था करने के नाम पर उनसे 23,500 रुपये की मांग की। शुरुआत में रोहित कुमार ने 10,000 रुपये आरोपी के बैंक खाते में जमा भी करवा दिए, लेकिन बाद में उन्हें पूरे सौदे में ठगी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए डाडासीबा के डीएसपी राज कुमार को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसपी देहरा मयंक चौधरी के निर्देश पर थाना प्रभारी संजय की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक डिटेल्स के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और मुख्य आरोपी 40 वर्षीय दीपक कुमार, निवासी ओल्ड कांगड़ा, को जालंधर से गिरफ्तार कर लिया। गहन पूछताछ के दौरान 47 वर्षीय रितु, निवासी बटाला (पंजाब), का नाम सामने आया, जो कथित तौर पर इस नेटवर्क के जरिए बच्चों को आगे बेचने का काम करती थी।

मुख्य आरोपी दीपक कुमार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। महिला आरोपी रितु को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने कहा कि यह केवल ठगी का मामला नहीं है, बल्कि एक बड़े तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा करता है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है। आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!