हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस ने एक युवक को 105.57 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम रात के समय गश्त पर थी, तभी एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा, लेकिन उसकी एक टांग में खराबी होने के कारण वह अधिक तेज नहीं दौड़ सका और पुलिस ने उसे थोड़ी दूरी पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अरुण कुमार उर्फ काका, उम्र 24 वर्ष, निवासी गांव पोड़, डाकघर रौंखर, तहसील नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 105.57 ग्राम चरस बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह चरस अपने हाथों से मलकर तैयार की है।
डीएसपी ने यह भी जानकारी दी कि पिछले महीने ही आरोपी का पिता देशराज भी 85 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया था। अब पुलिस इस दिशा में गहराई से जांच कर रही है कि यह युवक चरस कहां-कहां बेचता था और क्या यह किसी नेटवर्क का हिस्सा है। पुलिस ने मामले को लेकर केस दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!