Kangra: ज्वालामुखी में चोरों का आतंक, दुकानदार के घर से 2 लाख की नकदी और गहने चोरी, पहले मंदिर को भी बना चुके हैं निशाना

कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में अंब सलेतर वार्ड नंबर-2 में एक दुकानदार के घर में सेंधमारी कर चोर लाखों रुपये की नकदी और गहने लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच डर और गुस्से का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अंब सलेतर वार्ड नंबर-2 के निवासी और पेशे से दुकानदार वीरेंद्र कुमार के घर यह चोरी हुई। घटना के समय वीरेंद्र कुमार घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मकान के साइड में लगी खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। हैरानी की बात यह है कि जिस कमरे में चोरी हुई, उस पर बाहर से ताला लगा हुआ था। चोर खिड़की के रास्ते कमरे में घुसे और पूरे कमरे का सामान बिखेर दिया।

परिजनों के मुताबिक चोर घर से करीब 2 लाख रुपये की नकदी और कीमती गहने लेकर फरार हो गए। चोरी गई नकदी में लगभग 40 हजार रुपये के नोटों के हार भी शामिल थे, जो घर में रखे हुए थे। सुबह जब परिवार के लोगों ने कमरे की हालत देखी तो वे हैरान रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ज्वालामुखी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, लेकिन अंधेरा होने या चोरों की चालाकी के कारण कैमरों में उनका चेहरा साफ दिखाई नहीं दे पाया है।

इससे पहले भी चोरों ने रोहाडा कसेटी गांव के एक प्राचीन शिव मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वहां से चोर माता की मूर्ति से सोने की नथ और बाबा की चांदी की चरण पादुकाएं चुरा ले गए थे। उस मामले की जांच अभी चल ही रही थी कि अब इस नई घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि ऐसी वारदातों पर जल्द रोक लगाई जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!