Kangra: अवैध खनन पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, धमकियों से सहमे लोग पुलिस से लगाई गुहार

पुलिस चौकी धीरा के अंतर्गत आने वाले तमलोह और डगेरा गांव में अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के लोग अब खुलकर इसके विरोध में उतर आए हैं और खनन माफिया द्वारा विरोध करने वालों को दी जा रही धमकियों के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने पुलिस चौकी प्रभारी धीरा, अतिरिक्त उप निरीक्षक देशराज को शिकायत पत्र सौंपकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि तमलोह और डगेरा गांव के बीच एक नाला है, जो आगे जाकर न्यूगल नदी में मिलता है। इस नाले के आसपास कई लोगों की निजी जमीन भी है। ग्रामीणों के अनुसार करीब एक महीने पहले इस नाले में जेसीबी मशीन के जरिए अवैध खनन किया गया था। उस समय भी ग्रामीणों ने इसका विरोध किया था और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कुछ समय के लिए खनन बंद हो गया था। लेकिन अब फिर से यह गतिविधि शुरू हो गई है, जिससे लोगों में आक्रोश है।

ग्रामीणों ने बताया कि 18 मार्च को उन्होंने तमलोह में न्यूगल नदी के पास अवैध खनन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद भवारना थाना प्रभारी ने जेसीबी मशीन के जरिए खनन के रास्तों को बंद करवा दिया था। इसके बावजूद अब दोबारा खनन शुरू होने से लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन के कारण उनकी निजी जमीन के बह जाने का खतरा पैदा हो गया है। इतना ही नहीं, न्यूगल नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से बने पुल पर भी खतरा मंडरा रहा है। साथ ही तमलोह और डगेरा को जोड़ने वाला पुल भी इस खनन की वजह से जोखिम में आ गया है।

ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि इस मामले में तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध खनन को पूरी तरह से बंद करवाया जाए, ताकि उनके जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!