Himachal: HTET नवंबर 2025 का रिजल्ट जारी, 36 हजार अभ्यर्थियों में से इतने हुए सफल

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा आयोजित अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) नवंबर 2025 का परीक्षा परिणाम 2 जनवरी को घोषित कर दिया गया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ये परीक्षाएं 2, 5, 8, 9 और 16 नवंबर 2025 को प्रदेशभर में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों में सफलतापूर्वक आयोजित की गई थीं।

बोर्ड की ओर से टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी मेडिकल, टीजीटी नॉन-मेडिकल, टीजीटी हिंदी, टीजीटी संस्कृत, जेबीटी, पंजाबी, उर्दू और विशेष शिक्षक के लिए पात्रता परीक्षाएं करवाई गई थीं। विशेष शिक्षक की परीक्षा प्राइमरी से पांचवीं और छठी से बारहवीं कक्षा के लिए आयोजित की गई थी।

डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि इस परीक्षा के लिए कुल 36,571 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 33,083 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 8,459 अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया है। इस बार परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 25.6 प्रतिशत रहा है।

बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि परीक्षा परिणाम अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर तैयार किया गया है। यह उत्तर कुंजी अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों से समीक्षा के बाद जारी की गई थी। परीक्षा के दौरान नकल के दो मामलों में संबंधित अभ्यर्थियों को एक वर्ष के लिए अयोग्य घोषित किया गया है।

परीक्षार्थी अपना परीक्षा परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर या आवेदन संख्या के माध्यम से देख सकते हैं। वहीं, सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र डिजिलॉकर पर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!