हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) सुंदरनगर डिपो के एक वरिष्ठ बस चालक बेली राम की रविवार देर रात एक दुखद सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा चंडीगढ़ के सेक्टर 43 स्थित बस स्टैंड के पास लगभग रात 2 बजे हुआ। 50 वर्षीय बेली राम मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के बनौण गांव के रहने वाले थे और दिल्ली से मंडी आ रही HRTC की बस को चला रहे थे।
जानकारी के अनुसार, बेली राम यात्रियों से भरी बस को चंडीगढ़ बस स्टैंड पर निर्धारित स्थान पर पार्क करने के बाद सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बेली राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बस में सवार परिचालक और आस-पास मौजूद लोगों ने घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक खबर के बाद बेली राम के परिजन और HRTC सुंदरनगर डिपो के कर्मचारी तुरंत चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।
चंडीगढ़ पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बेली राम का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
HRTC सुंदरनगर डिपो ने बस को वापस लाने के लिए एक अतिरिक्त चालक और परिचालक को चंडीगढ़ भेजा है। बेली राम की अचानक मौत से डिपो में शोक की लहर फैल गई है।
अड्डा प्रभारी कश्मीरी लाल शर्मा ने इस घटना की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि बेली राम एक कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार कर्मचारी थे, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्होंने बताया कि डिपो के सभी कर्मचारी इस कठिन समय में बेली राम के परिवार के साथ खड़े हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!