मंगलवार सुबह उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर स्थित हरिपुर-कोटी-मीनस हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक बस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। नेरवा डिपो की हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे नदी में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और कुछ ही पलों में माहौल मातम में बदल गया।
यह दुर्घटना सुबह करीब 9:30 बजे क्वानू के समीप हुई, जब नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी की बस (HP 66A 2588) संकरे मार्ग पर सामने से आ रहे वाहन को साइड देने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस खाई को चीरते हुए नदी में जा समाई। बस में उस समय 31 से 34 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बस परिचालक जगदीश चंद ने साहस दिखाते हुए तुरंत पुलिस को जानकारी दी। कालसी थाना प्रभारी दीपक धारीवाल के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक इस हादसे में 3 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बस चालक की पहचान दिनेश शर्मा के रूप में हुई है।
बस के खाई में गिरने और नदी में समा जाने के कारण राहत कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तेज बहाव और दुर्गम इलाके की वजह से बचाव दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। प्रशासन और पुलिस की टीमें युद्ध स्तर पर राहत कार्यों में जुटी हैं ताकि मलबे में फंसे या पानी में बह गए लोगों को जल्द से जल्द निकाला जा सके। अस्पतालों में घायलों के इलाज के लिए आपातकालीन इंतजाम किए गए हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!