Kangra: अब बिना गलती के आएंगे रिजल्ट, हिमाचल बोर्ड का बड़ा डिजिटल फैसला, 2026 से पूरी तरह बदलेगी प्रक्रिया

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अब अपने परीक्षा परिणामों को पूरी तरह हाईटेक और बेहतर बनाने जा रहा है। बोर्ड ने फैसला लिया है कि अब सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन पोर्टल के जरिए डिजिटल मोड में की जाएंगी। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि रिजल्ट तैयार करने में मानवीय गलतियों की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी और परिणाम समय पर घोषित किए जा सकेंगे। हाल ही में बोर्ड मुख्यालय में इस नई प्रणाली को लेकर एक विशेष वर्कशॉप आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को इस डिजिटल सिस्टम की पूरी जानकारी दी गई।

इस नई तकनीक के लागू होने से 10वीं, 12वीं और ओपन स्कूल के छात्रों का डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और रिजल्ट प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। अब तक अक्सर छोटी-छोटी त्रुटियों के कारण छात्रों को बोर्ड कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से परिणाम पूरी तरह त्रुटिहीन होंगे। साथ ही डिजिटल प्रोसेसिंग के कारण रिजल्ट घोषित करने में लगने वाला समय भी काफी कम हो जाएगा।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड अपनी कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के परिणामों को सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए अब पूरा सिस्टम डिजिटल मोड में काम करेगा। वर्ष 2025 से ही पोर्टल पर डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और 2026 की परीक्षाओं में इस तकनीक का पूरा लाभ देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि विशेषज्ञों के सुझावों को लागू किया जा रहा है ताकि छात्रों को बिना किसी त्रुटि के सटीक रिजल्ट मिल सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!