हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मार्च माह में 20 और 21 मार्च को आयोजित पोस्ट कोड 26004 (असिस्टेंट स्टाफ नर्स) के 508 पदों की परीक्षा का परिणाम आने में अभी समय लगेगा। उम्मीदवारों को इसके लिए करीब दो महीने का इंतजार करना पड़ सकता है। चयन आयोग इस परिणाम को पूरी पारदर्शिता के साथ जारी करने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटा हुआ है।
इसी बीच आयोग ने संकेत दिए हैं कि स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में जल्द ही कई नई भर्तियां निकाली जाएंगी। साथ ही जेई सिविल के 149 पदों के लिए भी परीक्षा आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए आयोग जल्द ही पोस्ट कोड निर्धारित कर विज्ञापन जारी करेगा।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि पोस्ट कोड 25026 (असिस्टेंट स्टाफ नर्स) के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और उम्मीदवार 14 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। इस बार नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले इस भर्ती में केवल महिलाएं आवेदन कर सकती थीं, लेकिन अब पुरुष और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को भी आवेदन की अनुमति दे दी गई है।
इस पोस्ट कोड के तहत कुल 312 पद भरे जाएंगे। नए संशोधन के अनुसार उम्मीदवारों को आयु सीमा में भी राहत दी गई है। सामान्य वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 34 से बढ़ाकर 45 वर्ष कर दी गई है, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य आरक्षित वर्गों के लिए यह सीमा 45 से बढ़ाकर 50 वर्ष कर दी गई है।
वहीं, टीजीटी आर्ट्स के उम्मीदवारों के लिए भी महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। पोस्ट कोड 25001 के तहत 425 पदों को भरने के लिए 12 से 20 जनवरी के बीच आयोजित कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया गया है। यह परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इस परीक्षा में सफल हुए 632 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 16 अप्रैल से आयोग के हमीरपुर स्थित परिसर में शुरू होगी। इसका विस्तृत शेड्यूल अलग से जारी किया जाएगा और उम्मीदवारों को ईमेल के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अलग से कॉल लेटर नहीं भेजे जाएंगे।
उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय सभी मूल दस्तावेज, उनकी फोटो कॉपी के दो सेट और पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग ने यह भी साफ किया है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने वाले उम्मीदवारों को दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!