Himachal: हिमाचल बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा में नकल का भंडाफोड़, उड़नदस्तों ने 6 छात्रों को रंगे हाथ पकड़ा

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा वीरवार को 12वीं कक्षा के हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान बोर्ड की ओर से गठित उड़नदस्तों ने सख्त निगरानी रखते हुए छह अभ्यर्थियों को नकल करते हुए पकड़ा है। यह कार्रवाई परीक्षा केंद्रों पर अचानक निरीक्षण के दौरान की गई, जिससे परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने की बोर्ड की कोशिश साफ नजर आई।

शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि बोर्ड पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं आयोजित करवा रहा है और नकल रोकने के लिए सख्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि 12 मार्च को हुई हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान हमीरपुर जिले में चार अभ्यर्थी नकल करते हुए पकड़े गए, जबकि कुल्लू जिले में दो अभ्यर्थियों को नकल सामग्री के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के पास नकल सामग्री पाई गई है, उनके खिलाफ यूएमसी यानी अनफेयर मीन्स केस बनाए गए हैं। बोर्ड की ओर से ऐसे मामलों में निर्धारित नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए उड़नदस्तों की निगरानी आगे भी जारी रहेगी। बोर्ड का कहना है कि किसी भी प्रकार की नकल को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!