Himachal: हिमाचल में पशु मित्र भर्ती पर अचानक ब्रेक! सरकार ने फिजिकल टेस्ट रोका, 500 पदों का भविष्य अधर में

हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से इंतजार कर रहे युवाओं के लिए पशु मित्र भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सरकार की ओर से जारी नई अधिसूचना के बाद इस भर्ती प्रक्रिया पर फिलहाल अस्थायी रोक लगा दी गई है। पशुपालन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक कारणों के चलते भर्ती के तहत आयोजित किए जाने वाले फिजिकल टेस्ट को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। विभाग ने यह आदेश पत्र संख्या 259-260, दिनांक 3 जनवरी 2026 और पत्र संख्या 777, दिनांक 14 जनवरी 2026 के संदर्भ में जारी किए हैं। विभाग का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में फिजिकल टेस्ट को आगे बढ़ाना संभव नहीं है, इसलिए अब भर्ती प्रक्रिया तभी आगे बढ़ेगी जब पशुपालन निदेशालय की ओर से नए निर्देश जारी किए जाएंगे।

इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद विवाद गहरा गया था। वायरल वीडियो में एक महिला अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान 25 किलोग्राम वजन उठाकर दौड़ती हुई दिखाई दी थीं। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने भर्ती नियमों, शारीरिक मानकों और दिए जाने वाले मानदेय पर सवाल उठाए थे। यह वीडियो मंडी जिले के धर्मपुर स्थित राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान का बताया गया था, जिसके बाद इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रदेशभर में चर्चा तेज हो गई थी।

पशुपालन विभाग में कुल 500 पशु मित्रों की भर्ती की जानी है, जिसके लिए प्रदेशभर में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही थी। भर्ती के नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों को 25 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी एक मिनट के भीतर पूरी करनी थी। विभाग का कहना है कि यह मानक पशु मित्र के कार्य की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए तय किए गए हैं।

यह भर्ती प्रदेश के सभी 12 जिलों के 64 सब डिवीजनों में की जानी है। सबसे अधिक 123 पद जिला कांगड़ा में भरे जाने हैं। इसके अलावा किन्नौर में 13, ऊना में 36, बिलासपुर में 17, सोलन में 37, लाहौल-स्पीति में 3, सिरमौर में 37, शिमला में 83, कुल्लू में 15, हमीरपुर में 28, मंडी में 66 और चंबा में 40 पदों पर भर्ती होनी है। फिलहाल फिजिकल टेस्ट पर रोक लगने से इन सभी पदों की भर्ती प्रक्रिया पर अस्थायी रूप से विराम लग गया है और अभ्यर्थियों को अब अगले आदेश का इंतजार है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!