शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार 12वीं कक्षा के बाद सीधे बीएड कोर्स शुरू करने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह घोषणा शिमला के सेंट बीड्स कॉलेज में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान की। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर दे रही है और इस दिशा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा स्टोरेज जैसे नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कॉलेज के मेधावी छात्रों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की और कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश लड़कियों की शादी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष करने वाला देश का पहला राज्य है। इससे पहले, कॉलेज की प्रधानाचार्य सिस्टर मौली इब्राहिम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नशे के खिलाफ अभियान शुरू किया है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार की नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश गुणात्मक शिक्षा के मामले में 21वें स्थान पर पहुंच गया था, लेकिन वर्तमान सरकार शिक्षा में सुधार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित कर रही है। इसके अलावा, चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों में 1800 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मशीनरी स्थापित की जा रही है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन को वर्तमान युग की सबसे बड़ी चुनौती बताया और कहा कि हिमाचल प्रदेश ने 2023 में भयानक प्राकृतिक आपदाओं का सामना किया, जिससे करीब 23,000 परिवार प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि राज्य की समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित करना जरूरी है और सरकार हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए बताया कि 40 वर्ष पहले उन्होंने सेंट बीड्स कॉलेज में वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लिया था। उन्होंने यह भी बताया कि 17 वर्ष पूर्व उनका राजनीतिक जीवन राजकीय महाविद्यालय संजौली से कक्षा प्रतिनिधि के रूप में शुरू हुआ था, जिसके बाद वे नगर पार्षद और फिर विधायक बने। इस अवसर पर विधायक हरीश जनार्था और संजय अवस्थी भी उपस्थित थे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!