बिलासपुर जिले के उपमंडल घुमारवीं के तहत राष्ट्रीय उच्च मार्ग 103 (शिमला-धर्मशाला) पर कुलारु क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 11 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बच्चे के पिता और छोटी बहन भी घायल हो गए। घटना के बाद जोल पलाखी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार जोल पलाखी निवासी सुनील कुमार (47) अपनी स्कूटी पर बेटे अभिनव (11) और बेटी इशानी (8) के साथ कांगू मंदिर जा रहे थे। जैसे ही वे कुलारु के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे बैठा अभिनव सड़क पर गिर गया और ट्रक के टायर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद अभिनव को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुनील कुमार और उनकी बेटी इशानी को चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही घुमारवीं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि ट्रक चालक नरेश कुमार निवासी डुग्गा, जिला हमीरपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि सुनील कुमार कुठेड़ा बाजार में वैल्डिंग की दुकान चलाते हैं। मासूम बेटे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!