शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी इलाके में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। करीब 88 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। यह जानकारी शाहपुर के विधायक और उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान दी, जहां वे मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल, शिक्षक भर्ती, पाठ्यक्रम सुधार और क्लस्टर प्रणाली जैसे नवाचारों से शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिली है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है।

इस अवसर पर उन्होंने बोह पंचायत के दुर्गम गांव रौण के लिए 88 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया। विधायक ने बताया कि यह सड़क वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने से करीब 300 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

इसके अलावा 12 लाख रुपये से निर्मित जीप योग्य लाम सड़क का लोकार्पण किया गया, जिससे गांव के लगभग 25 परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। घरौली गांव के लिए 5 लाख रुपये की लागत से बने इंटरलॉक टाइलयुक्त मार्ग को भी जनता को समर्पित किया गया।

विद्यालय परिसर में 8 लाख रुपये की लागत से बनाए गए अतिरिक्त कमरों का भी लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही विधायक ने विद्यार्थियों के लिए 150 नए डेस्क देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी समारोह का विशेष आकर्षण रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य वचन सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर मुख्यातिथि का स्वागत किया। एसएमसी प्रधान ओम ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार जताया।

इस मौके पर अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, बीडीओ रैत कमलजीत, सहायक अभियंता विद्युत विक्रम शर्मा, रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता लोक निर्माण नितेश, जेई ग्रामीण विकास राजीव, बीईईओ मिनटों देवी, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, एचआरटीसी बीओडी निदेशक विवेक राणा, जिला परिषद सदस्य रितिका शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!