राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर देहरा के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन सेंट्रल यूनिवर्सिटी के नजदीक तेज रफ्तार बाइक और बस की जोरदार टक्कर में दो युवकों की जान चली गई। हादसा इतना भीषण था कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक पल्सर एनएस-200 बाइक पर सवार होकर देहरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक देहरा क्षेत्र के कनोल गांव के रहने वाले थे और उनकी उम्र लगभग 22 और 23 वर्ष बताई जा रही है।
बस चालक राकेश कुमार ने बताया कि वह होशियारपुर से धर्मशाला जा रही बस चला रहा था। देहरा से करीब तीन किलोमीटर आगे वह एक स्कूल बस को धीमी गति से ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार बाइक आई और सीधे बस से टकरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में देहरा क्षेत्र में यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले खबली दोसड़का में बाइक के पेड़ से टकराने से 17 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई थी। वहीं देहरा के हनुमान चौक के पास 132 केवी सब स्टेशन के नजदीक बस और बाइक की टक्कर में एक युवक की जान चली गई थी। लगातार हो रहे इन हादसों के पीछे ओवरस्पीड को मुख्य वजह माना जा रहा है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!