Chamba: क्रिकेट मैच के दौरान विवाद बना मौत की वजह, बल्ले के वार से युवक की जान गई

चंबा जिले के सलूणी उपमंडल की पिछला डियूर पंचायत के हटला गांव में क्रिकेट खेलते समय रनों को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। खेल के दौरान दो युवकों के बीच बहसबाजी हुई, जो इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने गुस्से में आकर बल्ले से दूसरे युवक के सिर पर प्रहार कर दिया। सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण युवक ने दम तोड़ दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना अन्य युवाओं ने पंचायत प्रधान भीलो राम को दी, जिन्होंने तुरंत पुलिस थाना किहार और आपातकालीन सेवा एंबुलेंस 108 को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस थाना किहार के सब-इंस्पेक्टर अनिल वालिया पुलिस दल सहित घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की।

मृतक की पहचान क्यूम खान (32) पुत्र पीर मुहम्मद, निवासी गांव लोधली, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी सलीम पुत्र लतीफ, निवासी लोधली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहनता से जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस दल गठित किए गए हैं और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!