Himachal: स्कूल के पानी के टैंक में मिला जहरीला कोबरा, मचा हड़कंप; वन विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

सिरमौर जिले के विकास खंड नाहन के तहत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जमटा में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्कूल के पानी के टैंक में एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। जैसे ही स्कूल परिसर में सांप होने की खबर फैली, विद्यार्थियों और स्टाफ में दहशत फैल गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही जमटा रेंज के रेंज ऑफिसर प्रेम सिंह कंवर तुरंत सक्रिय हो गए। उन्होंने बिना देर किए अपनी टीम को जरूरी रेस्क्यू उपकरणों के साथ स्कूल भेजा। रेस्क्यू ऑपरेशन की जिम्मेदारी अनुभवी फॉरेस्ट गार्ड संदीप कुमार चौधरी को सौंपी गई। उनके साथ फॉरेस्ट गार्ड सुखचैन और सचिन कुमार चौधरी भी टीम में शामिल थे।

टीम के मौके पर पहुंचते ही चपरासी मदन सिंह के सहयोग से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पानी के टैंक में छिपे सांप को पकड़ना आसान नहीं था, लेकिन काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद वन विभाग की टीम ने आखिरकार सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।

सांप को पकड़ने के बाद फॉरेस्ट गार्ड संदीप कुमार चौधरी ने पुष्टि की कि यह स्पेक्टेकल्ड कोबरा प्रजाति का सांप है, जिसे बेहद जहरीला माना जाता है। वन विभाग की टीम ने सांप को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और स्कूल परिसर से दूर एक सुरक्षित सरकारी जंगल में छोड़ दिया।

सांप के पकड़े जाने के बाद स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली। रेंज ऑफिसर प्रेम सिंह कंवर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी वन्यजीव दिखाई दें तो उन्हें नुकसान पहुंचाने की बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!