मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की नृशंस हत्या के बाद जब पूरा देश शोक में डूबा था, तब नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर नाच-गाना कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने आचरण पर विचार करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष उस कांग्रेस पार्टी पर उंगली उठा रहे हैं, जिसने दो प्रधानमंत्री और एक मुख्यमंत्री को देश के लिए कुर्बान किया है, और ऐसा उदाहरण पूरी दुनिया में कहीं देखने को नहीं मिलता।
सीएम सुक्खू ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी और हिमाचल प्रदेश सरकार केंद्र सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष मीडिया फीवर से ग्रस्त हैं और सुर्खियों में बने रहने के लिए अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ में भी बलिदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रहित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो भी निर्णय लेंगे, वह कांग्रेस पार्टी को स्वीकार्य होगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस केंद्र सरकार के साथ चट्टान की तरह खड़ी रहेगी और इस दुख की घड़ी में उन सभी परिवारों के साथ है, जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है।
सीएम सुक्खू ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के हाथी की तरह दांत खाने के और होते हैं, दिखाने के और। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर कभी राजनीति नहीं करती और ऐसी किसी भी घटना की निंदा करती है जो राष्ट्रहित में नहीं है।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश के वित्तीय हालात को पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बिगाड़ा है। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश की वित्तीय स्थिति का उल्लेख होगा, तो उस समय जयराम ठाकुर की भूमिका पर भी सवाल उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने प्रदेश के संसाधनों की लूट की और वर्तमान सरकार प्रदेश हित में किसी भी तरह का समझौता नहीं कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!