Chamba: यौन शोषण केस में चुराह के विधायक हंसराज से SIT की 3.5 घंटे पूछताछ—22 नवंबर तक हर बुलावे पर पेश होना अनिवार्य!

युवती के यौन शोषण मामले में आरोपी चुराह से विधायक डॉ. हंसराज शनिवार को एक बार फिर चम्बा पहुंचे और पुलिस के सामने पेश होकर जांच में हिस्सा लिया। चंडीगढ़ से लौटने के बाद महिला थाना पहुंची विशेष जांच टीम (SIT) ने विधायक से करीब साढ़े तीन घंटे तक पूछताछ की।

Advertisement – HIM Live Tv

जांच टीम ने विधायक से घटना के अलग–अलग पहलुओं, समयावधि और परिस्थितियों को क्रमवार समझा और आरोपों से जुड़े तथ्यों का मिलान किया। पूछताछ के बाद उन्हें साफ निर्देश दिए गए कि आगे जब भी जांच अधिकारी बुलाएंगे, उन्हें तुरंत उपस्थित होना होगा।

इससे पहले बुधवार को भी पुलिस ने उनसे लगभग 3 घंटे सवाल–जवाब किए थे और उन्हें शनिवार को अनिवार्य रूप से महिला थाना में पेश होने के निर्देश दिए गए थे।

अदालत द्वारा दी गई 22 नवंबर तक की अंतरिम जमानत की शर्तों के तहत भी विधायक को हर बार जांच में सहयोग करना अनिवार्य है।

एएसपी हितेश लखनपाल ने बताया कि पुलिस मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता की सुरक्षा और गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है, जबकि आरोपी को भी कानून के तहत अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!