Himachal: चिंतपूर्णी में 19 मार्च से चैत्र नवरात्र मेला, 300 जवान रहेंगे तैनात; नारियल ले जाने पर रहेगा पूरा प्रतिबंध

माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में इस वर्ष चैत्र नवरात्र मेला 19 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने दी। उन्होंने बाबा श्री माईदास सदन के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान एसडीएम अंब मेला अधिकारी होंगे, जबकि डीएसपी अंब को पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा जाएगा, जहां पुलिस और होमगार्ड के करीब 300 जवान तैनात रहेंगे।

एसडीएम ने बताया कि मेले के दौरान मंदिर और मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों का व्यापक उपयोग किया जाएगा ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने मंदिर अधिकारी को सभी सीसीटीवी कैमरों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही मुबारिकपुर से भरवाईं तक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चिंतपूर्णी अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए खंड चिकित्सा अधिकारी अंब को मेला चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और आयुर्वेद विभाग की ओर से एक-एक अतिरिक्त मेडिकल पोस्ट भी स्थापित की जाएगी, जहां जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को उपचार दिया जाएगा।

एसडीएम पारस अग्रवाल ने जल शक्ति विभाग को मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई और क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने को भी कहा। वहीं विद्युत विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि वह बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए पहले से सभी आवश्यक निरीक्षण पूरा कर लें, ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेले के दौरान मंदिर परिसर में नारियल ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं से नारियल मंदिर के मुख्य गेट से पहले डीएफएमडी के पास लाइन में ही जमा कर लिए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि मेले के दौरान लंगर लगाने के लिए लंगर कमेटी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। लंगर आयोजकों को स्वच्छता और सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करना होगा, अन्यथा उनके परमिट रद्द किए जा सकते हैं। लंगर का आयोजन सड़क से निर्धारित दूरी पर किया जाएगा ताकि यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो।

इसके साथ ही माता श्री चिंतपूर्णी क्षेत्र में भिक्षावृत्ति पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और इसे रोकने के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवान लगातार निगरानी रखेंगे। आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन विभाग को मेले से पहले सभी अग्निशमन यंत्रों को पूरी तरह कार्यशील करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में यातायात प्रबंधन, बिजली व्यवस्था, पार्किंग, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था और साफ-सफाई जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में डीएसपी अंब अनिल पटियाल, डीएफएससी राजीव शर्मा, मंदिर अधिकारी अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!