Kangra: देश ने खोया 65 और 71 युद्ध का जांबाज़ योद्धा, कैप्टन सम्बू राम का 84 वर्ष की आयु में निधन

ग्राम पंचायत मूंढी के निवासी और देश के वीर सपूत कैप्टन सम्बू राम का बीते दिन 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार दोपहर को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें इलाके के सैकड़ों लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

कैप्टन सम्बू राम की शव यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक प्रतिनिधि और गणमान्य लोग पहुंचे। इस दौरान पालमपुर सेना कार्यालय से पहुंचे भारतीय सेना के अधिकारियों ने उन्हें सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना की ओर से दी गई सलामी ने उनके साहस और देशभक्ति को सम्मानपूर्वक याद किया।

मृतक के पोते निखिल गौतम ने बताया कि कैप्टन सम्बू राम ने 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध में सक्रिय रूप से भाग लेकर देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इसके अलावा उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार में भी अपनी सेवाएं दीं। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इसी कारण उन्होंने 84 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।

कैप्टन सम्बू राम का जीवन साहस, कर्तव्य और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!